बस्तर, 11 मई (आरएनएस)। बस्तर गांव के बीच खुलेआम चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला युवक आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया नगरनार पुलिस ने आम रास्ते में धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चोकावाड़ा गांव का है, जहां 10 मई 2026 को आरोपी चंदन पटेल पिता मयाराम पटेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चोकावाड़ा थाना नगरनार, हाथ में धारदार लोहे का चाकू लेकर गांव के आम रास्ते में घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमकाकर इलाके का माहौल खराब कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना नगरनार पुलिस हरकत में आई और पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया और उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद कर जब्त किया। जांच में आरोपी का कृत्य आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 66/2026 दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश करने रवाना किया गया। पूरी कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक दिनेश ठाकुर, आरक्षक नेलसन टोप्पो और नरेश कश्यप की अहम भूमिका रही। बहरहाल, बस्तर पुलिस का साफ संदेश है कि गांवों में दहशत फैलाने और हथियार के दम पर कानून चुनौती देने वालों को अब सीधे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

