जांजगीर-चांपा, 11 मई (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बलौदा और पामगढ़ पुलिस ने अलग-अलग जगह दबिश देकर 20 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक थाना बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बीरबल यादव (51 वर्ष) निवासी बुचीहरदी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। वहीं थाना पामगढ़ पुलिस ने आरोपी बोधराम मनहर (32 वर्ष) निवासी भूईगांव थाना पामगढ़ के पास से 10 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की।
बरामद शराब की कुल कीमत लगभग 4 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा से निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक रज्जू रात्रे और टिकेश्वर राठौर की अहम भूमिका रही। वहीं थाना पामगढ़ से निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक उमेश दिवाकर, सूरज पाटले, विनोद मनहर और बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

