नई दिल्ली,11 मई (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली के थाना प्रेम नगर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक दोस्त पर अपने ही दोस्त की हत्या का आरोप लगा है.
आरोप है कि मृतक को उसके ही दोस्त ने एक महिला मित्र के घर बुलाया और फिर गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मनीष अपने घर पर बैठा हुआ था, तभी उसके दोस्त राज का फोन आया. राज ने मनीष को अपनी महिला मित्र के घर बुलाया. मनीष अपने परिजनों को सिर्फ दस मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई.
इसके बाद मनीष के पिता अपने बेटे की तलाश में निकल पड़े, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला. पूरी रात खोजबीन चलती रही. अगले दिन सुबह परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि मनीष की गला रेतकर हत्या कर दी गई है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे मनीष के दोस्त राज और उसके साथियों का हाथ है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है जबकि परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

