-चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा नगर का सौंदर्यीकरण
चित्रकूट 12 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल मार्ग निर्देशन में जनपद के शहरी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा कर्वी नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित फ्लाईओवर के स्वरूप को आकर्षक और सांस्कृतिक रूप देने हेतु पेंटिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है।
यह कार्य पीडब्ल्यूडी कार्यालय से लेकर शंकर बाजार स्थित फ्लाईओवर के दोनों ओर स्थापित आरसीसी बैरियर पर किया गया है। प्राधिकरण द्वारा प्राधिकरण अवस्थापना निधि से कुल 9.23 लाख की लागत से इस परियोजना को पूर्ण कराया गया है।
फ्लाईओवर के बैरियर्स पर पारंपरिक एवं विशिष्ट विषयों (थीम) पर आधारित पेंटिंग्स बनाई गई हैं, जो जनपद की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को प्रदर्शित करती हैं।
इस पहल से न केवल नगर के मुख्य मार्ग का स्वरूप बदला है, बल्कि यह आवागमन करने वाले नागरिकों और आगंतुकों के लिए एक सुखद दृश्य अनुभव भी प्रदान कर रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में कराए गए इस कार्य का मुख्य उद्देश्य नगर की स्वच्छता और सुंदरता में वृद्धि करना है। दीवारों और बैरियर्स पर कलाकृतियां उकेरे जाने से सार्वजनिक संपत्तियों के विरूपण को रोकने में मदद मिलेगी और जनमानस में अपनी विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

