0-सीएम ने दिए तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने व जांच समिति गठन के निर्देश
कोलकाता,12 मई (आरएनएस)। महानगर कोलकाता में अगलगी की घटना ने फिर दो लोगों की जिन्दगी छिन ली है। तिलजला थाना क्षेत्र अंतर्गत तपसिया इलाके में आज दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना में कई लोग झुलस गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज कलकत्ता नेशनल मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तपसिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इमारत के अन्य हिस्सों में फैल गई। आग लगने के समय पांच से छह लोग भीतर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। बताया गया है कि दोपहर करीब 1:45 बजे दमकल को आग लगने की खबर मिली। इसके बाद दमकल की कई गाडिय़़ां घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाद में सभी घायलों को नेशनल मेडिकल कालेज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता आग बुझने के बाद जांच के जरिए लगाया जाएगा।
बंगाल के मुख्यमंत्री ने इस अग्निकांड में कोलकाता पुलिस को तत्काल विशेष प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। घटना में भारी जानमाल के नुकसान को देखते हुए विस्तृत जांच और स्थल निरीक्षण के लिए एक उच्चस्तरीय विभागीय समिति का गठन किया गया है। समिति को घटनास्थल का विस्तृत सर्वेक्षण करने तथा घटना से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। गठित समिति में अतिरिक्त मुख्य सचिव, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग, पुलिस आयुक्त, कोलकाता पुलिस व नगर आयुक्त, कोलकाता नगर निगम शामिल होंगे। समिति को विस्तृत जांच और सर्वेक्षण कर रिपोर्ट बुधवार को संबंधित प्राधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

