नई दिल्ली,13 मई (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली के अलीपुर इलाके में नेशनल हाईवे-44 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां सड़क किनारे खड़े डंपर में एक तेज रफ्तार ऑटो जा घुसा. हादसा इतना भयावह था कि ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया.
हादसा अलीपुर स्थित नेशनल हाईवे-44 पर यादव ग्रीन फार्म के ठीक सामने हुआ. बताया जा रहा है कि एक ऑटो, जिसमें करीब पांच सवारियां मौजूद थीं, अलीपुर की तरफ से नरेला सिंघु बॉर्डर की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक डंपर से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद एक शख्स ऑटो में बुरी तरह फंस गया, जिसे दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. वहीं अन्य घायल सवारियों को तुरंत पास के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस, ट्रैफिक पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके. साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे खड़ा डंपर नियमों के तहत पार्क किया गया था या नहीं. घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

