सुल्तानपुर 13 मई (आरएनएस)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दो दिनों के भीतर दो अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से होने की आशंका जताई जा रही है।
ताजा मामला अखंडनगर थाना क्षेत्र का है। मंगलवार रात कल्याणपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 171.900 किलोमीटर पर एक अज्ञात युवक का शव दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे यूपीडा की एम्बुलेंस सेवा द्वारा शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया गया। डॉक्टर की सूचना पर उपनिरीक्षक हैदर अली मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। इससे पहले मंगलवार को ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 136.6 किलोमीटर पर चांदपुर अंडरपास पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि यूपीडा के सुरक्षाकर्मी उसे रातभर मरा हुआ जानवर समझते रहे। सुबह मानव अंग दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि शव देर रात से सड़क पर पड़ा था और उसके ऊपर से लगातार वाहन गुजरते रहे, जिससे शरीर के कई अंग अलग-अलग हो गए। मौके पर रीढ़ की हड्डी, हाथ तथा पैर के पंजे बिखरे मिले। सेमरी चैकी के उपनिरीक्षक सुबोधकांत त्यागी ने शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस दोनों मामलों में एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी को मृतकों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि शवों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
विद्युत पोल से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी गंभीर
सुल्तानपुर। कूरेभार थाना क्षेत्र के फुलौना-हैदरगंज मार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के करिया बझना नेगईपुर गांव निवासी राम रुच (53) अपनी पत्नी पुष्पा (50) के साथ बाइक से हैदरगंज से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ममरखा गांव के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राम रुच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कूरेभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार भिजवाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक राम रुच दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते थे और परिवार का पालन-पोषण करते थे। कुछ दिन पहले ही वह गांव आए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

