सुलतानपुर 13 मई (आरएनएस)। जिले में शादी के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। खुद को आयकर विभाग में ऑडिटर बताने वाले युवक ने पहले शादी तय की, फिर भरोसा जीतकर लड़की पक्ष से लाखों रुपये ऐंठ लिए। जब सच सामने आया तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कादीपुर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां के निवासी अशोक कुमार ने अपनी बेटी का रिश्ता आजमगढ़ निवासी सत्येंद्र नामक युवक से तय किया था। आरोपी ने खुद को आयकर विभाग में ऑडिटर बताकर परिवार को प्रभावित किया। मार्च 2023 में सगाई की रस्म के दौरान लड़की पक्ष ने आरोपी को ढाई लाख रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये का सामान दिया। आरोप है कि इसके बाद सत्येंद्र ने जमीन खरीदने की बात कहकर अलग-अलग किस्तों में करीब साढ़े तीन लाख रुपये और फिर 1 लाख 37 हजार 700 रुपये फोन-पे के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। सगाई, सामान और अन्य खर्चों को मिलाकर परिवार से सात लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली गई।
पीडि़त परिवार को बाद में पता चला कि सत्येंद्र आयकर विभाग में नौकरी ही नहीं करता। इतना ही नहीं, उसका किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग भी चल रहा था। सच सामने आने पर जब लड़की पक्ष आरोपी के घर पहुंचा तो वहां कथित तौर पर अभद्रता की गई। परिवार का आरोप है कि थाने जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कादीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अरुण कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

