मेरठ 13 मई (आरएनएस)। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद बुधवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित अन्य राजनीतिक दलों के कई स्थानीय नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद की उपस्थिति में आसपा की सदस्यता ग्रहण की चंद्रखेशर ने कहा कि इस बार लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी। 2027 के विधानसभा चुनावों में मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर आजाद समाज पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी, सपा नेता दिलशाद भाटी, तौफीक इलाही और कई अन्य प्रमुख व्यक्तियों को पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से आजाद समाज पार्टी में शामिल कराया। यह घटनाक्रम मेरठ में आसपा की राजनीतिक पैठ को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी की विचारधारा और आगामी राजनीतिक योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आसपा समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनका लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां समानता और न्याय का वास हो। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जुडऩे का आह्वान किया। सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव बाबर चौहान खरदौनी और अन्य के आसपा में शामिल होने से पार्टी की स्थिति मेरठ में मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
चंद्रशेखर ने कहा कि बाबर चौहान के आसपा में शामिल होने से पार्टी को बल मिलेगा। इस दौरान तौफीक इलाही, नूर सैफी, सत्यकुमार प्रजापति, नितिन कुमार जाटव, हारून समेत कई नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

