रुद्रपुर,13 मई (आरएनएस)। सिडकुल क्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ का झंडा हटाए जाने के विरोध में बुधवार को विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक ने सिडकुल प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए इसे श्रमिकों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों और राष्ट्रहित में कार्य करने वाला संगठन है, लेकिन सिडकुल प्रशासन द्वारा कंपनियों के बाहर लगे यूनियन के झंडों को हटाना श्रमिकों की भावनाओं को आहत करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने झंडों को अतिक्रमण बताकर हटाया, जबकि कंपनियों के बाहर लगे बड़े बोर्ड और पार्किंग स्थलों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे श्रमिकों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से हटाए गए झंडों को पुन: लगाए जाने की मांग की। विधायक ने कहा कि श्रमिकों के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं होगा। डीएम नितिन भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम कौस्तुभ मिश्रा की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द समाधान निकाला जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपेंद्र भट्ट, अजीत सिंह, गंगा सिंह, पंकज उपाध्याय समेत कई श्रमिक मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

