0 शहर के इंदिरा वार्ड में निकाय उप चुनाव को लेकर शुरू हुई मशक्कत।
0 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ कांग्रेस के प्रत्याशी निकले नामांकन के लिए।
केशव सल्होत्रा
जगदलपुर, 15 मई (आरएनएस)। इंदिरा वार्ड में निकाय उपचुनाव की सरगर्मी शुरू हो चुकी है। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली इस वार्ड में यह उपचुनाव काफी रोचक होगा। यह कहना भी वाजिब होगा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का मुकाबला रहेगा। इधर कांग्रेस ने इस वार्ड से रामकृष्ण तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ वे शुक्रवार की दोपहर को उपचुनाव के लिए नामांकन करने निकले। रामकृष्ण तिवारी काफी लंबे समय से इस वार्ड के दिवंगत पार्षद अब्दुल रशीद के साथ जुड़े हुए हैं। उधर उस दौरान भाजपा कार्यालय में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक जारी रही।बताया जा रहा है कि जल्द ही भाजपा भी आज ही इस सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर देगी। इतना ही नहीं भाजपा इस बार इंदिरा वार्ड में अपना खाता खोलने के लिए जोर लगाएगी।
शहर की 48 वार्डों में अभी यह है स्थिति
जगदलपुर निगम के अंतर्गत कुल 48 वार्ड है। जिसमें 30 वार्डो पर फिलहाल भाजपा के पार्षद काबिज है। वहीं कांग्रेस के 16 पार्षद और दो निर्दलीय पार्षद है। निश्चित तौर पर अपने गढ़ को कांग्रेस बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी और भाजपा शहर में करवाए जा रहे विकास कार्यों के चलते यहां अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है। हालांकि पिछले 30 साल से कांग्रेस के कब्जे वाली इस वार्ड में भाजपा को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
एक जून को वोटिंग और चार जून को हो जाएगा फैसला
इंदिरा वार्ड में 1542 वोटर हैं। दोनों दलों के प्रत्याशियों को घर-घर जाकर वोट मांगने का पर्याप्त समय मिलेगा। उल्लेखनीय है कि इस वार्ड में नौकरी पेशा,व्यवसायी, कामकाजी मिले जुले वोटर हैं। वार्ड चुनाव वैसे भी सबसे ज्यादा कठिन माना जाता है इसमें किसी तरह के कयास इतनी आसानी से नहीं लगाए जाते 1 जून को मतदान और चार जून को इसके परिणाम से स्पष्ट हो जाएगा की वोटर किस दल से अपना पार्षद चुनते हैं।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

