नई दिल्ली,15 मई। फ्रांस के फ्रेडरिक सोयेज को भारतीय जूनियर पुरूष हॉकी टीम का नया कोच बनाया गया जो दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पी आर श्रीजेश की जगह लेंगे. पूर्व स्टार गोलकीपर श्रीजेश का अनुबंध पिछले साल चेन्नई और मदुरै में एफआईएच जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीतने के बाद खत्म हो गया था. हॉकी इंडिया ने उनके अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया.
सोशल मीडिया पर एक तल्ख पोस्ट में श्रीजेश ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान पांच टूर्नामेंटों में पांच पदक जीतने के बावजूद उनका अनुबंध नहीं बढाया गया लेकिन हॉकी इंडिया ने तर्क दिया कि यह फैसला 2036 ओलंपिक की मेजबानी की भारत की महत्वाकांक्षाओं के अनुरूप एक टिकाऊ और उच्च स्तरीय प्रदर्शन वाला इकोसिस्टम बनाने के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए लिया गया था.
यूरोपीय हॉकी के बेहतरीन कोचों में से एक सोयेज के पास शीर्ष स्तर पर 15 साल का कोचिंग का अनुभव है. वह 1995 से 2010 तक फ्रांस के लिये 196 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 195 गोल किये. इसके बाद फ्रांस और स्पेन के कोच रहे.
उनके कोच रहते स्पेन रियो ओलंपिक में पांचवें स्थान पर रहा. वह तोक्यो ओलंपिक में भी स्पेन के कोच रहे जबकि पेरिस ओलंपिक 2024 में फ्रांस के मुख्य कोच थे. स्पेन के कोच रहते उन्होंने टीम को 2019 यूरोपीय चैम्पियनशिप में रजत पदक दिलाया.
सोयेज के कोच रहते फ्रांस की अंडर 18 टीम 2025 यूरोपीय चैम्पियनशिप में रजत पदक जीती थी. वह 2021 से 2024 तक फ्रेंच हॉकी महासंघ के हाई परफॉर्मेंस निदेशक रहे. उन्होंने तीन ओलंपिक (2016, 2020, 2024) के अलावा दो विश्व कप (2018, 2023) में कोच की भूमिका निभाई. इसके अलावा छह यूरोपीय चैम्पियनशिप (2013, 2015, 2017, 2019, 2021, 2023) में भी कोच रहे.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

