नईदिल्ली, 15 मई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस ने धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स को छ विकेट से मात दे दी.
तिलक वर्मा की 75 रनों की शानदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 201 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर, एक गेंद शेष रहते ही आसानी से हासिल कर लिया. जिसमें रयान रिकेल्टन के 23 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 48 रन बनाए. इसके अलावा तिलक ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 33 गेंद में 75 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी मैच जिताऊ पारी में छह चौके और छह छक्के शामिल थे.
विल जैक्स ने 10 गेंदों में तेजी से 25 रन बनाकर पारी को शानदार अंत दिया, जिससे मुंबई इंडियंस ने एक रोमांचक मुकाबले में लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर लिया. आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 15 रनों जरूरत थी. लेकिन पंजाब की तरफ से जेवियर बार्टलेट वो रन डिफेंड नहीं कर सके और तीन छक्के खाकर मैच हार गए.
इससे पहले, पंजाब किंग्स ने 20 ओवरों में 200/8 का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें प्रभसिमरन सिंह के अर्धशतक और अजमतुल्लाह उमरज़ई की अंत में खेली गई छोटी लेकिन तेज पारी का अहम योगदान रहा.
विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन ने 32 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे. उमरजई ने सिर्फ 17 गेंदों में तेजी से 38 रन बनाए, जिसमें चार छक्के शामिल थे. मुंबई की तरफ से शार्दुल ठाकुल सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने चार ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए.
ये पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार है. जिसकी वजह से उनका प्लेऑफ में पहुंचने का रास्था कठिन हो गया है. पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 की टेबल में चौथे स्थान पर है, उसने 12 मैच खेले हैं, जिनमें से 6 जीते, 5 हारे और 1 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया. उसके पास कुल 13 पॉइंट्स हैं. उसके अभी दो मैच बाकी हैं—17 मई को धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ और 23 मई को लखनऊ में एलएसजी के खिलाफ.
वहीं उनसे पीछे सीएसके और राजस्थान रॉयल्स हैं, दोनों के पास 12-12 पॉइंट्स हैं और उनके कुछ मैच अभी बाकी हैं. आरसीबी और जीटी 16-16 पॉइंट्स के साथ टॉप पर हैं, जबकि एसआरएच 14 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है. टॉप चार टीमों में पंजाब किंग्स की स्थिति सबसे ज्यादा कमजोर है और अब उसका अपना भविष्य उसके अपने हाथों में नहीं रहा है.
अगर पंजाब अपने बाकी बचे दोनों मैच जीत जाता है तो उसके कुल 17 पॉइंट्से हो जाएंगे. जिससे उनकी प्लेऑफ की सीट कंफर्म हो जाएगी. लेकिन अगर वो एक मैच जीत जाता है और एक मैच हार जाता है तो उसके कुल 15 पॉइंट्स ही होंग. जिससे उनका प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर होना पड़ेगा.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

