New Delhi 10 Jully /- ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे, जहां उनका एक बेहद अनूठा और खेल-प्रेमी अंदाज देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान लिसा स्थालेकर को ऑटोग्राफ दिया, दिग्गज स्पिनर दिवंगत शेन वॉर्न के नाम पर बने स्टैंड का दौरा किया और पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान स्टीव वॉ के साथ एक यादगार तस्वीर भी खिंचवाई।
भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप का शुभारंभ
इस विशेष दौरे पर पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने संयुक्त रूप से ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप’ को लॉन्च किया। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य खेल प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान, अत्याधुनिक तकनीक, खेल उद्योग और इस क्षेत्र में निवेश जैसे अहम मुद्दों पर दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को एक नए मुकाम पर ले जाना है।
क्रिकेट हमारे जुड़ाव का स्वाभाविक माध्यम: पीएम मोदी
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘जब भी मुझे मेरे परम मित्र प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात का अवसर मिला है, क्रिकेट हमेशा हमारे बीच स्वाभाविक रूप से एक मजबूत कड़ी बनकर उभरा है। हम दोनों अहमदाबाद के स्टेडियम में भी साथ मैच देखने गए थे और आज यहां इस ऐतिहासिक मैदान पर आकर मैं खेल भावना को बेहद करीब से महसूस कर रहा हूं, विशेषकर तब जब हमारे बीच स्टीव वॉ और लिसा स्थालेकर जैसे खेल जगत के महान दिग्गज मौजूद हैं।

