बलौदाबाजार, 10 जुलाई (आरएनएस)। रिसदा-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे बने गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डायल-112 (बाज-01) में तैनात आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और वाहन चालक खगेश मानिकपुरी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि रिसदा-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में युवक के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। वह दर्द के कारण उठने और चलने में भी असमर्थ था।
पुलिस ने घायल की पहचान मोहम्मद जुबेर अंसारी, निवासी धनबाद (झारखंड) के रूप में की। डायल-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सावधानीपूर्वक वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका तत्काल उपचार शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में ‘गोल्डन आवरÓ के दौरान समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से घायल युवक को समय पर इलाज मिल सका।
0

