दुर्ग, 10 जुलाईं (आरएनएस)। जामुल थाना क्षेत्र में पूर्व विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार और धातु के कड़े से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड और धातु का कड़ा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जामुल निवासी शेष नारायण ने 9 जुलाई को थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई कि वह सुबह करीब 9:30 बजे शिवपुरी स्थित स्कूल ग्राउंड में अपने मित्र से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पूर्व विवाद को लेकर शिवपुरी निवासी गणेश सिन्हा और सोमेश राज साहू उर्फ सोनू साहू वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान सोमेश राज साहू ने ब्लेड से हमला किया, जबकि गणेश सिन्हा ने हाथ में पहने धातु के कड़े से वार किया। हमले में शेष नारायण के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
पीडि़त की शिकायत पर थाना जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 480/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 118(1) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ब्लेड और धातु का कड़ा बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश सिन्हा (18 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, जयस्तंभ चौक, शिवपुरी जामुल तथा सोमेश राज साहू उर्फ सोनू साहू (18 वर्ष) निवासी जयस्तंभ चौक के पास, शिवपुरी जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून सम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

