सीतापुर 10 जुलाई (आरएनएस)। पिसावां थाना क्षेत्र के अनंतापुर गांव में गुरुवार देर रात 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से निजी लाइनकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे ने बिजली कार्यों में सुरक्षा मानकों और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार सकरन थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी रिंकू पुत्र रामकुमार, एलाइट इंटरप्राइजेज कंपनी के ठेकेदार सत्यपाल सिंह के अधीन लाइन के नीचे जाली लगाने के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई और वह हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़ा। सूचना पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। घायल को सीएचसी पिसावां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपकेंद्र के जेई बबलू यादव ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

