रुड़कीेे,10 जुलाई (आरएनएस )। लगातार हो रही बारिश के बीच लंढौरा कस्बे के मोहल्ला पठान चौक में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। दो तालाबों के ओवरफ्लो होने से क्षेत्र की सड़कें पिछले दो दिनों से तीन फीट तक गंदे पानी में डूबी हुई हैं। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मस्जिद तक पहुंचने के लिए लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। वहीं जलभराव के कारण क्षेत्र में आवाजाही लगभग ठप हो गई है।स्थानीय निवासी गुलजार, अबुल हसन, साहिब, यूनुस और शाहरुख ने बताया कि सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब हो गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, मोटा, हनीफ, जुल्फकार और साबिर ने बताया कि उनके घर तालाब के किनारे स्थित हैं। तालाबों का पानी ओवरफ्लो होने से बारिश का पानी घरों में घुस गया है, जिससे परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हेमंत गुप्ता ने बताया कि समस्या की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र से पानी की निकासी और समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

