रुड़कीेे,10 जुलाई (आरएनएस )। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ जारी है। खराब मौसम भी कैडेट्स के जोश और जज्बे को कम नहीं कर सका। विपरीत परिस्थितियों में भी कैडेट्स नियमित रूप से सभी प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा लेकर अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दे रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, हथियारों की जानकारी, आपदा प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता विकसित करने, धैर्य बनाए रखने, टीम भावना के साथ कार्य करने और अनुशासन का पालन करने का महत्व समझाया। बारिश के बीच भी प्रशिक्षण में किसी प्रकार की ढील नहीं दी गई। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में भाग लिया और यह संदेश दिया कि एक सच्चा सैनिक अथवा जिम्मेदार नागरिक परिस्थितियों से घबराता नहीं, बल्कि हर चुनौती का साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करता है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है। शिविर कमांडेंट कर्नल जगदीश आलमिया ने कैडेट्स के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत मौसम में भी प्रशिक्षण जारी रखना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

