रुड़कीेे,10 जुलाई (आरएनएस )। नगर पंचायत पिरान कलियर के महमूदपुर में कई घरों की दीवारें दरक गई। इसके साथ ही घरों के फर्श तक धंसने लगे है। दहशत के साए में यह लोग बारिश के बीच अपने घरों में रह रहे हैं। नगर पंचायत पिरान कलियर के महमूदपुर वार्ड 8 निवासी रियासत अली, लताफत सिद्दीकी, नासिर, शरिक ने बताया कि दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश चलते यहां अधूरे पड़े कच्चे नाले में पानी भर गया था। इस कच्चे नाले का पानी का रिसाव उनके घरों के नीचे से निकल रहा है। इसके बाद से ही उनके मकानों की दीवारों में दरार आ गई है और उनके घरों के फर्श भी जमीन में धंस गए है। भारी बारिश के कारण उनके मकानों को काफी नुकसान हो गया है। घर के लगभग सभी दीवारों में बड़ी बड़ी दरारें आ गई है और फर्श भी कई जगह से बैठ गया है। परिवार के लोग पूरी रात जाग कर गुजार रहे हैं। वहीं, पिरान कलियर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद का कहना है कि पानी की निकासी के लिए नगर पंचायत के महमूदपुर वार्ड में नाले के निर्माण कार्य चल रहा था, जिसको बस्ती ही के कुछ लोगों ने आपत्ति जताकर रुका दिया है। पानी के रिसाव की शिकायत पर फिलहाल कच्चे नाले को बंद करा दिया गया है। नाले निर्माण से ही पानी की निकासी का स्थाई समाधान हो पाएगा।
==
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

