हरगांव/सीतापुर 10 जुलाई (आरएनएस)। हरगांव के लहरपुर रोड से रामपुर बरौरा मार्ग स्थित निर्माणाधीन नाले में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को वितरित की जाने वाली हजारों आयरन की गोलियां मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना जिलाधिकारी डॉ. आर. राजागणपति राव तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को जांच के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज गोयल के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम में डॉ. रवि भार्गव, चीफ फार्मासिस्ट राहुल श्रीवास्तव, हेल्थ सुपरवाइजर अरुण कुमार राना, डाटा एंट्री ऑपरेटर पंकज कुमार और वार्ड बॉय राजन शामिल रहे। एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी भी मौके पर मौजूद रहे। जांच के दौरान निर्माणाधीन नाले से करीब पांच से छह हजार आयरन की गोलियां बरामद कर सुरक्षित कब्जे में ली गईं। टीम अब बैच नंबर के आधार पर इनके आपूर्तिकर्ता और वितरण श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है। डॉ. रवि भार्गव ने बताया कि ये आयरन की गोलियां परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए वितरित की जाती हैं। ऐसे में इनका नाले में मिलना गंभीर मामला है। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

