सारंगढ़ बिलाईगढ़ 10 जुलाई (आरएनएस) सरसींवा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में सात अलग-अलग मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 117.100 लीटर महुआ, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में न्यायालय में पेश किया गया।
सरसींवा थाना पुलिस ने 10 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम गगोरी और नगर पंचायत सरसींवा में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेच रहे सात आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे, एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी वीणा यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने सभी स्थानों पर गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान नीराबाई पटेल (37) से 18 लीटर, सुखबाई जांगड़े (50) से 14 लीटर, सतीश कुर्रे (30) से 24 लीटर, खुनुन बाई कठौतिया (50) से 15 लीटर, अनिता मनहर (35) से 9 लीटर और कमल मनहर (24) से 25 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। वहीं सरसींवा निवासी चंद्रिका भारद्वाज (30) के कब्जे से 20 पाव देशी प्लेन, 25 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल तथा 4 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। कुल 117.100 लीटर शराब जब्त कर सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल, सरसींवा पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

