दंतेवाड़ा, 10 जुलाई (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा ने शुक्रवार को भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के सामने एकत्र होकर केंद्रीय एवं राज्य की जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र बचाओ, ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो और तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर तक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। इसके बावजूद कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील मोहम्मद रिज़वी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष को दबाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर प्रताडि़त किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस ऐसे दबाव से डरने वाली नहीं है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियां निष्पक्ष और स्वतंत्र होनी चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा शोरी ने भी भाजपा सरकार पर विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस नीति का सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रखेगी।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। इनमें कोषाध्यक्ष जयदीप मालवीय, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण राणा, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, मनोज मालवीय, विमल सलाम, विवेक देवांगन, विद्यानंद सैन, जया कश्यप, महावीर ठाकुर, बीजू कश्यप, हेम कुमार नाग, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कर्मा, राम कुमार नाग, सुखराम नाग, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शंकर कुंजाम सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में किए गए दावों और आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया इस विज्ञप्ति में उपलब्ध नहीं है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

