अंबिकापुर, 10 जुलाईं (आरएनएस)। सरगुजा जिले की लखनपुर पुलिस ने लंबित वारंटों की तामिली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सात वर्ष से फरार एक स्थायी वारंटी सहित कुल तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली सुनिश्चित करने तथा वर्षों से फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत थाना लखनपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पहले मामले में वर्ष 2019 के मारपीट प्रकरण (केस नंबर 1762/19) में भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506 एवं 34 के तहत आरोपी विनोद कुमार मरावी (29 वर्ष) निवासी ग्राम जमगला, थाना लखनपुर न्यायालय में लगातार अनुपस्थित था। इसके चलते उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। करीब सात वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरे मामले में वर्ष 2025 के प्रकरण (केस नंबर 8937/25) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(3), 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत आरोपी अर्जुन सिंह (20 वर्ष) और अजय सिंह (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पुहपुटरा, थाना लखनपुर के विरुद्ध भी न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
लखनपुर थाना पुलिस की सतत पतासाजी और प्रयासों के बाद तीनों स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी तथा आरक्षक विजय पैकरा और सोहन राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

