रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर पुलिस ने हत्या के एक मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी कोविड-19 महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा हुआ था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद जेल वापस नहीं लौटा और लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरस्वती नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, सोहेल उर्फ जिमी (38 वर्ष), निवासी शासकीय कुआं के पास, कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर, थाना सरस्वती नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 220/2012 में हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी और बलवा सहित विभिन्न धाराओं के मामले में न्यायिक अभिरक्षा के दौरान अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद था।
वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान शासन के निर्देशानुसार उसे अस्थायी पैरोल पर रिहा किया गया था। हालांकि, पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
लगातार पतासाजी और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर 9 जुलाई 2026 को सरस्वती नगर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बसना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरस्वती नगर निरीक्षक अजीत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजीत सिंह सेंगर एवं रामकुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

