नईदिल्ली, 15 मई। आईपीएल 2026 प्लेऑफ में जगह बनाने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. इस सीजन टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज जेमी ओवरटन जांघ में चोट के कारण अपने देश इंग्लैंड लौट गए हैं.
सीएसके ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, जेमी ओवरटन की दाईं जांघ में चोट है और वे आगे की जांच और इलाज के लिए इंग्लैंड लौट रहे हैं.
हालांकि सीएसके ने यह साफ नहीं किया कि वे कितने समय तक बाहर रहेंगे या क्या वे इस सीजन के बाकी मैचों से पूरी तरह बाहर हो गए हैं, लेकिन टीम के बाकी लीग मैचों में उनके खेलने की संभावना कम ही लग रही है.
ओवरटन इस सीजन में सीएसके के सबसे बेहतरीन खिलाडिय़ों में से एक रहे हैं. वे 17.78 की औसत से 14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं. उनका इकॉनमी रेट 8.89 रहा है. अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ उन्होंने 36 रन देकर 3 विकेट लिए थे. जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
ओवरटन गेंद से विकेट लेने के अलावा निचले क्रम में बल्ले से रन भी बनाते हैं. उनके जाने से टीम के गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ा खालीपन आ गया है, और टीम मैनेजमेंट को इस कमी को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना होगा.
सीएसके अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है और उसके टॉप फोर में पहुंचने के चांस भी ज्यादा हैं. 11 मैचों में 12 अंकों के साथ वह पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है. उनका अगला मुकाबला आज 15 मई को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ है. जहां वो प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत करने की कोशिश करेगी.
ओवरटन के जाने से सीएसके की चोटों से जुड़ी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. टीम पहले से ही नाथन एलिस, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और रामकृष्ण घोष जैसे खिलाडिय़ों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है, और एमएस धोनी अभी तक पिंडली की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

