अबू धाबी,15 मई। ईरान युद्ध के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन बंद हो गया है। इससे कच्चे तेल का आयात-निर्यात प्रभावित हुआ है। अब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने होर्मुज को बाइपास करने के लिए नई पाइपलाइन के काम में तेजी लाने का आदेश दिया है। यूएई सरकार के मीडिया कार्यालय ने बताया कि सरकार वह फुजैराह के रास्ते अपनी निर्यात क्षमता को दोगुना करने के लिए एक नई तेल पाइपलाइन के निर्माण में तेजी लाएगा।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद ने कार्यकारी समिति की बैठक के दौरान अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी को पश्चिम-पूर्व पाइपलाइन परियोजना में तेजी लाने का निर्देश दिया। मीडिया कार्यालय ने बताया कि पाइपलाइन का निर्माण कार्य चल रहा है और इसके 2027 में चालू होने की उम्मीद है। इससे बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को बायपास करने की यूएई की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
यूएई फिलहाल अबू धाबी क्रूड ऑयल पाइपलाइन का संचालन करता है, जिसे हबशान-फुजैराह पाइपलाइन के नाम से भी जाना जाता है। ये होर्मुज जलडमरूमध्य को दरकिनार करते हुए प्रतिदिन 1.8 मिलियन बैरल तक कच्चे तेल को सीधे ओमान की खाड़ी के तट तक पहुंचा सकती है। इसी पाइपलाइन की क्षमता को दोगुना करने के लिए काम चल रहा है। बता दें कि यूएई और सऊदी अरब खाड़ी के एकमात्र ऐसे देश हैं, जिनके पास पाइपलाइन हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

