0 पेट्रोल पंपों मेें सुबह से लंबी लाइन, अफवाहों से लोग फुल टैंक करवा रहे
रायपुर, 15 मई (आरएनएस)। देशभर में पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 103.58 रुपए पर लीटर पेट्रोल मिल रहा। डीजल की कीमत 96.57 रुपए हैं। सुबह से ही कई फ्यूल स्टेशनों पर गाडिय़ों की 100 मीटर तक लंबी कतारें देखने को मिली। प्रशासन का दावा है कि, अफ वाहों के चलते लोग सामान्य से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे शहर में अचानक भीड़ बढ़ गई है। जहां पहले लोग जरूरत के हिसाब से ईंधन लेते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में वाहन चालक फुल टैंक करवा रहे हैं।
पर्याप्त स्टॉक होने का दावा
इस स्थिति को देखते हुए गुरुवार (15 मई) को रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें अधिकारियों ने साफ कहा कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी तरह की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और घबराकर ज्यादा ईंधन न खरीदें। कलेक्टर ने सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डिपो से 24 घंटे पेट्रोल सप्लाई करने के निर्देश दिए हैं। पहले टैंकरों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ही एंट्री मिलती थी, लेकिन अब लगातार सप्लाई जारी रखने का फैसला लिया गया है, ताकि पंपों पर दबाव कम हो सके। दूसरी ओर कई लोगों का कहना है कि शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिल रहा है, इसलिए वे लाइन में लगने को मजबूर हैं।
अन्य चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं
मालभाड़ा बढ़ेगा: ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ जाएगा, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो सकते हैं।
खेती की लागत: ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज की लागत बढ़ सकती है।
बस-ऑटो का किराया: सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रुड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। कीमतें बढऩे से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
एसएस
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

