नारायणपुर, 14 मई (आरएनएस)। रात के अंधेरे में सड़क पर अकेली भटक रही एक परेशान महिला की जिंदगी उस वक्त बदल गई, जब छोटे डोंगर पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने सिर्फ ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि इंसानियत का ऐसा चेहरा दिखाया जिसने एक टूट चुकी महिला को नया सहारा दे दिया। मामला 12 मई 2026 की रात करीब 9 बजे का है, जब थाना छोटे डोंगर क्षेत्र के बडग़ांव मुख्य मार्ग पर एक महिला मानसिक रूप से बेहद तनावग्रस्त हालत में भटकती मिली। छोटे डोंगर रेंज में पदस्थ वन विभाग कर्मचारी अनिल पोटाई और संकुराम कावची ने महिला की हालत देखकर तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए थाना छोटे डोंगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाना लाया गया। वहां उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया, फिर धैर्य और भरोसे के साथ उसकी पूरी बात सुनी गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुमन मरकाम बताया। उसने बताया कि उसका पति किशोर मरकाम आए दिन शराब पीकर मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह बिना बताए घर से निकल गई थी। रास्ते में जो भी बस मिलती गई उसमें बैठती चली गई और केशकाल, फरसगांव, कोंडागांव और नारायणपुर होते हुए छोटे डोंगर पहुंच गई। लगातार मानसिंक तनाव के कारण उसके मन में आत्महत्या जैसे खतरनाक विचार भी ंआने लगे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना छोटे डोंगर पुलिस ने तत्काल थाना विश्रामपुरी जिला कोंडागांव से संपर्क कर महिला के परिजनों को सूचना दी। रात अधिक होने और महिला द्वारा तत्काल घर लौटने से इनकार करने पर पुलिस ने उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी और उसे थाना में सुरक्षित आश्रय दिया। बाद में पारिवारिक विवाद और महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए महिला स्टाफ के साथ उसे मुख्यालय नारायणपुर स्थित सखी सेंटर भेजा गया, जहां काउंसिलिंग और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम में छोटे डोंगर पुलिस और वन विभाग कर्मचारियों ने जिस संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और मानवता का परिचय दिया, उसने यह साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ कानून लागू करने के लिए नहीं, बल्कि टूटती जिंदगी को संभालने के लिए भी होती है। बहरहाल, घरेलू हिंसा की यह दर्दनाक कहानी एक बड़ा सवाल छोड़ गई है कि शराब और मारपीट से बिखरते परिवारों को बचाने के लिए समाज को अब और गंभीर होना ही होगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

