नारायणपुर, 14 मई (आरएनएस)। नाबालिग से दुष्कर्म के बाद फरार घूम रहे आरोपी को आखिरकार नारायणपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया और तकनीकी साक्ष्यों से लेकर मुखबिर तंत्र तक की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस ने मामले में तेज कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का है, जहां प्रार्थिया की रिपोर्ट पर नाबालिग पीडि़ता के साथ दुष्कर्म का गंभीर अपराध दर्ज किया गया। घटना सामने आते ही पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुडिय़ा के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास से मिले साक्ष्यों को खंगाला, तकनीकी आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुरियापारा इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद मड़ावी पिता राम प्रसाद मंडावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुरियापारा थाना नारायणपुर जिला नारायणपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2)(एम), 65(1), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 04 और 06 के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया है। पूरे घटनाक्रम में नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया कि महिला और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बहरहाल, मासूमों के खिलाफ बढ़ते अपराध समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई ही पीडि़तों को न्याय का सबसे बड़ा भरोसा देती है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

