० 15 जून तक पूर्ण होंगे मनरेगा के सभी चालू कार्य
कोण्डागांव, 14 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में आगामी 01 जुलाई से व्हीबी-ग्राम योजना का शुभारंभ किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (मनरेगा) के निर्देशानुसार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत वर्तमान में संचालित सभी कार्यों को 15 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत ग्राम पंचायतों में चल रहे मिट्टी कार्य, डबरी निर्माण सहित अन्य सामुदायिक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मस्टररोल की फीलिंग एवं मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी हो, जिससे श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, 01 जुलाई से प्रारंभ होने वाली व्हीबी-ग्राम योजना के प्रावधानों के अनुरूप आगामी विकास कार्यों की नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को पंचायतों का सघन दौरा कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15 जून के पश्चात किसी भी पुराने कार्य के लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में संचालित मनरेगा कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने में सहयोग करें, ताकि जुलाई माह से शुरू होने वाली व्हीबी-ग्राम योजना के माध्यम से जिले के विकास कार्यों को नई गति मिल सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

