रांची 14 मई (आरएनएस)। राजधानी रांची में शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। रोशनी खलखो ने सुरेश कुमार बैठा की उपस्थिति में विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के तहत वार्ड संख्या 07 के गाड़ीगांव क्षेत्र में देवी स्थान से संतोष सिंह के घर होते हुए विपुल के घर तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। वहीं वार्ड संख्या 08 के महावीर नगर में बिशु गोप के घर से दिना महतो के घर तक आरसीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और पुलिया जैसी योजनाएं सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन को आसान बनाती हैं और निगम लगातार जनहित के कार्यों को गति दे रहा है। कार्यक्रम में वार्ड 07 की पार्षद मीनू देवी, वार्ड 08 की पार्षद किरण खलखो, सुभाष अग्रवाल सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

