रायपुर 31 मई (आरएनएस) चाकूबाजों के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के बीच टिकरापारा पुलिस ने दो ऐसे युवकों को धर दबोचा जो खुलेआम धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैला रहे थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में भय का माहौल खत्म हुआ और दोनों आरोपी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गए।
डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देश पर टिकरापारा थाना क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान 31 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गापारा संतोषी नगर और सरजू बांधा तालाब के पास कुछ युवक धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश जोशी पिता स्वर्गीय राजेश जोशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुमित बाजार के पीछे संतोषी नगर तथा इरफान रजा उर्फ आकिब पिता मोहम्मद, उम्र 23 वर्ष, निवासी संजय नगर सुलभ के पास, थाना टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 467/2026 एवं 468/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बहरहाल, रायपुर पुलिस का साफ संदेश है कि शहर में दहशत फैलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


