रायपुर,31 मई (आरएनएस) अपराधियों की तलाश में निकली रायपुर पुलिस की टीमों ने रविवार को ऐसा शिकंजा कसा कि फरार आरोपी, वारंटी और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। कमिश्नरेट पुलिस के ऑपरेशन काल चक्र-03 के तहत उत्तर जोन में चलाए गए विशेष कॉम्बिंग अभियान में 109 वारंटों की तामीली, 8 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और दर्जनों अपराधियों पर कार्रवाई कर पुलिस ने अपराध जगत को कड़ा संदेश दिया है।डीसीपी नॉर्थ जोन के नेतृत्व में 31 मई 2026 को थाना गुढिय़ारी, उरला, खमतराई, पंडरी, खम्हारडीह और चौकी रामनगर क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग गश्त चलाई गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 23 स्थायी वारंट, 31 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानतीय वारंट सहित कुल 109 वारंटों की तामीली की। वहीं विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एनडीपीएस एक्ट का एक फरार आरोपी भी शामिल है।अभियान सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत 50 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और चाकूबाजों की भी सघन जांच की। विशेष अभियान के दौरान 30 प्रकरणों में आबकारी एक्ट और 3 प्रकरणों में आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन का उद्देश्य अपराधियों पर दबाव बनाना, फरार आरोपियों को पकडऩा और शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें सख्त चेतावनी भी दी गई।बहरहाल, रायपुर पुलिस का संदेश साफ है—अपराधी चाहे जितना छिपे, ‘ऑपरेशन काल चक्रÓ का पहिया अब लगातार घूमेगा और कानून से बचना आसान नहीं होगा।
00000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

