कांकेर 31 मई (आरएनएस) किसानों के खेतों से सोलर पंप और पैनल गायब हो रहे थे, चोर हर बार पुलिस को चुनौती देकर फरार हो जाते थे, लेकिन आखिरकार कांकेर पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि 16 चोरी की वारदातों का राज एक साथ खुल गया। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32.60 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति और वाहन बरामद किए हैं।
पिछले 6 से 8 महीनों के दौरान थाना नरहरपुर, चौकी दुधावा, चौकी हल्बा और थाना चारामा क्षेत्र में किसानों के सिंचाई कार्यों में उपयोग होने वाले सोलर प्लेट पैनल, सोलर पंप, स्टार्टर और केबल वायर लगातार चोरी हो रहे थे। बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान ग्राम बागडोंगरी कुम्हारपारा निवासी जगदीश बंजारा पिता छक्कन बंजारा, उम्र 38 वर्ष, तथा ग्राम जामगांव निवासी परमेश्वर राठौर पिता सोमनाथ राठौर, उम्र 27 वर्ष पर संदेह गहराया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी मंहगू मरकाम पिता राम मरकाम, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोरडीही, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए सोलर उपकरणों को टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन क्रमांक CG 19 BW 0434 से उड़ीसा ले जाकर बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उड़ीसा के 13 अलग-अलग स्थानों से 60 सोलर प्लेट पैनल, 07 सोलर फ्रेम सेट, 14 सोलर पंप, 14 स्टार्टर और बड़ी मात्रा में केबल वायर बरामद किए। चोरी के सामान की कीमत करीब 25.60 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वाहन, कटर मशीन और टूल किट सहित कुल 32.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना नरहरपुर, चौकी दुधावा, चौकी हल्बा और थाना चारामा में दर्ज कुल 16 चोरी के प्रकरणों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। बहरहाल, कांकेर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने किसानों को राहत दी है और सोलर उपकरण चोरों को साफ संदेश दिया है कि अब कानून की नजर से बचना आसान नहीं होगा।


