कोंडागांव,31 मई (आरएनएस) जब पुलिस खुद गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने लगे तो भरोसा भी बढ़ता है और समाधान भी आसान हो जाता है। कोंडागांव पुलिस की अभिनव पहल सहयोग चौपाल अब ग्रामीणों के लिए उम्मीद और विश्वास का मंच बनती जा रही है। इसी कड़ी में थाना केशकाल क्षेत्र के ग्राम गौरगांव में आयोजित सहयोग चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, आपसी मनमुटाव, सामाजिक समस्याओं, कानून व्यवस्था और अन्य स्थानीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। पुलिस अधिकारियों ने एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।चौपाल के दौरान ग्रामीणों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि ग्रामीणों ने बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कीं और पुलिस की इस पहल की खुलकर सराहना की।ग्रामीणों का कहना है कि सहयोग चौपाल से पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है तथा समस्याओं के समाधान का रास्ता आसान बना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों में इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव तक पहुंचकर किया जा सके।गौरतलब है कि सहयोग चौपाल सिर्फ शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत होती कड़ी का जीवंत उदाहरण बनती जा रही है।
00000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

