बिलासपुर, 14 मई (आरएनएस)। बिलासपुर के सरकंडा इलाके में निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर रातोंरात सामान गायब करने वाले शातिर चोर का खेल आखिरकार खत्म हो गया और मोपका चौकी पुलिस ने मुखबिर सूचना पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला थाना सरकंडा चौकी मोपका क्षेत्र का है जहां प्रार्थी शिवकुमार पांडे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मई 2026 की दरमियानी रात उसके निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गया और वहां रखा टी टेबल, स्विंग चेयर, तीन गोल कॉर्नर टेबल, तीन दरवाजे, लोहे की सीढ़ी और जीआई पाइप सहित करीब 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 682/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में चिल्हाटी टंकी पारा निवासी चक्कू उर्फ धर्मजीत रात्रे का हाथ हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी और हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आखिरकार टूट गया और चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 4 नग लोहे का जीआई पाइप और घटना में इस्तेमाल नीले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 10 ङ्घ 0157 जब्त की जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी चक्कू उर्फ धर्मजीत रात्रे पिता धनउराम रात्रे उम्र 26 वर्ष निवासी चिल्हाटी टंकी पारा थाना सरकंडा जिला बिलासपुर को 14 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की उम्मीद जगी है। फिलहाल पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

