धमतरी 15 मई (आरएनएस) सायरन बजा… भीड़ बेकाबू हुई… पत्थर चले… फिर अचानक आंसू गैस के गोले फटे, लाठियां बरसीं और 5 राउंड फायरिंग की गूंज से पूरा परेड ग्राउंड थर्रा उठा। धमतरी पुलिस ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र में ऐसा हाई अलर्ट बलवा मॉकड्रिल किया, जिसने साफ संदेश दे दिया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों से निपटने के लिए पुलिस अब पूरी तरह आधुनिक रणनीति और त्वरित एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में आयोजित इस व्यापक मॉकड्रिल के छठवें सत्र में दंगा, उपद्रव और हिंसक भीड़ की वास्तविक परिस्थितियों को हूबहू तैयार किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस बल पर हमले जैसी स्थिति बनाई गई। रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा ने पुलिस जवानों को टियर गैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी और मेडिकल पार्टी में बांटकर हर टीम को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। शुरुआत में पुलिस ने भीड़ को समझाइश देकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब उपद्रवी नहीं माने और पथराव शुरू हुआ तो पहले चेतावनी दी गई, फिर अश्रु गैस के गोले छोड़े गए। हालात और बिगड़ने पर माइक से अंतिम चेतावनी दी गई और इसके बाद पुलिस टीम ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ने का अभ्यास किया। स्थिति को और गंभीर मानते हुए मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद 5 राउंड फायरिंग का प्रदर्शन भी किया गया। मॉकड्रिल के दौरान घायल प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों की काल्पनिक स्थिति बनाकर मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। इस पूरे अभ्यास में दंगाई और पुलिस दोनों की भूमिका खुद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने निभाई ताकि आपात स्थिति में हर स्तर पर समन्वय, रणनीति और रिस्पांस टाइम को और मजबूत किया जा सके। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने पूरे अभ्यास की बारीकी से समीक्षा की और कहा कि भविष्य में किसी भी उग्र परिस्थिति से निपटने के लिए बलवा नियंत्रण, टीम वर्क, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और रणनीतिक कार्रवाई को और मजबूत बनाया जाएगा। अभ्यास के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आरक्षक धनेन्द्र साहू को 100 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सउनि राधेश्याम बंजारे, आरक्षक गिरधर साहू और आरक्षक गनपत साहू के सेवा पुस्तिका में “प्रशंसा” अंकित किए जाने की घोषणा की गई। इस दौरान सीएसपी धमतरी श्री अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी श्री भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव सहित जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बहरहाल, धमतरी पुलिस का यह मॉकड्रिल सिर्फ अभ्यास नहीं बल्कि साफ चेतावनी भी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ अब जवाब भी तेज होगा और कार्रवाई भी।


