हरिद्वार,15 मई (आरएनएस)। ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र में रोजाना हजारों की संख्या में यात्री पहुंचकर अपना ऑफलाइन निशुल्क पंजीकरण करवा रहे हैं। पंजीकरण केंद्र में यात्रियों की सुरक्षा के लिए 25 सीसीटीवी कैमरे और 12 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बाद भी यात्रियों के सामान चोरी की घटनाएं हो रही हैं। 17 अप्रैल को पंजीकरण केंद्र को यात्रियों के लिए खोला गया था। इसके दो दिन बाद ही भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के बैग से चोर ने फोन निकाल लिया। सीसीटीवी कैमरे में उक्त युवक की फोटो और घटना साफ दिख रही है। तब भी पुलिस चोर को नहीं पकड़ सकी। 14 मई को भी पंजीकरण केंद्र में एक यात्री के 40 हजार रुपये चोरी हो गए। सीसीटीवी में घटना कैद भी हुई लेकिन चोर पकड़ से बाहर है।
यात्रियों का झुंड: चोरी की घटनाएं होने का एक कारण पंजीकरण केंद्र में यात्रियों द्वारा लाइन नहीं लगाना भी है। पुलिस भी यात्रियों की एक लाइन लगवाने में नाकाम साबित हो रही है। एक बूथ पर तीन काउंटर बने हुए हैं। तीनों पर 7, 8 यात्री एकसाथ पंजीकरण के लिए जा रहे हैं। इसके कारण बूथ पर यात्रियों का झुंड बन जाता है। इसका लाभ चोर उठाते हैं और लोगों के बैग, पर्स से सामान निकाल लेते हैं। यात्रियों का कहना है कि अभी तो इतनी भीड़ भी नहीं है और चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सीसीटीवी कैमरे लगे और पुलिस होने के बावजूद चोरी की घटनाएं होना सवालिया निशान खड़े कर रही है। बताया जा रहा है कि एक ही व्यक्ति ने दोनों घटनाओं को अंजाम दिया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही यात्रियों को अपना सामान, मोबाइल, बैग आदि का ध्यान रखने के लिए अनाउंसमेंट किया जाता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

