चंडीगढ़ 16 may, (Rns)- पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आम लोगों, किसानों और छोटे कारोबारियों पर महंगाई का नया बोझ डाल दिया है, जबकि कुछ चुनिंदा कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
श्री अरोड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 12 साल पहले किए गए बड़े-बड़े वादों के बावजूद आज पूरा देश महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर ईंधन की कीमतें बढ़ाकर जनता को आर्थिक संकट में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 943 रुपये की बढ़ोतरी कर दी। इसके साथ ही पेट्रोल 3.14 रुपये प्रति लीटर, डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर और सीएनजी 2 रुपये महंगी कर दी गई।
श्री अरोड़ा ने कहा कि भाजपा चुनावों के दौरान जनकल्याण की बातें करती है, लेकिन वोट हासिल करने के बाद जनता की मेहनत की कमाई लूटने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये मूल्य वृद्धि केवल सत्ताधारी दल के करीबी कुछ कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही है। उन्होंने भाजपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने, दो करोड़ नौकरियां देने और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन इसके बजाय किसानों पर महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों का बोझ बढ़ा दिया गया।
पंजाब के कृषि क्षेत्र पर असर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धान की बुआई के दौरान डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए किसानों को भारी मात्रा में पानी और ईंधन की जरूरत होती है, ऐसे में डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब पेट्रोल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी पर देशभर में प्रदर्शन होते थे, लेकिन अब लोग 12-13 वर्षों से लगातार महंगाई झेलते-झेलते थक चुके हैं।
श्री अरोड़ा ने केंद्र सरकार के “आत्मनिर्भर भारत” के दावे पर भी सवाल करते हुए कहा कि पिछले दशक में आयात पर निर्भरता और बढ़ी है। रूस जैसे देशों से सस्ता तेल खरीदने के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें वापस ले। श्री अरोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई इसी तरह जनता का दम घोंटती रही तो लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट सकता है, जिसका राजनीतिक नुकसान भाजपा को उठाना पड़ेगा।

