जांजगीर-चांपा, 16 मई (आरएनएस)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पान ठेला दुकान में चोरी करने घुसे दो आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे, लेकिन दुकानदार की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिए गए।
जानकारी के मुताबिक, धाराशिव निवासी राजकुमार राठौर ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मई की रात वह अपनी दुकान बंद कर पारिवारिक कार्यक्रम में जांजगीर गया था। देर रात करीब 11 बजे वापस लौटने पर उसने देखा कि दुकान का कुंडा टूटा हुआ है और अंदर से आवाज आ रही है। संदेह होने पर उसने बाहर से सिटकनी लगा दी और आसपास के लोगों को बुला लिया।
दुकान खोलते ही अंदर से दो युवक बाहर निकलकर भागने लगे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रवि यादव निवासी खोखरा जांजगीर और अविनाश यादव निवासी भोजपुर चौक चांपा बताया। दोनों बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक से चोरी करने पहुंचे थे।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 62 और 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पामगढ़ थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

