रायगढ़, 16 मई (आरएनएस)। जिले के तुमीडीह में हुए चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोकनाथ पटेल और मृतका महिला वकील आराधना के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आरोपी पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात प्रेमिका से छुपा रखी थी।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में व्हाट्सएप डीपी में आरोपी की पत्नी की तस्वीर देखने के बाद आराधना को उसकी शादी की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि महिला वकील उस पर शादी का दबाव बना रही थी और कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी भी दे रही थी, जिससे वह परेशान था।
आरोपी ने हत्या की योजना बनाकर पहले प्रेमिका को सक्ती ले जाकर समझाने की कोशिश की। दोनों ने होटल में रात भी बिताई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। अगले दिन आरोपी उसे तुमीडीह के जंगल ले गया, जहां पहले गला दबाकर हत्या की और फिर सिर पर पत्थर मार दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे सक्ती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड से जिले में आक्रोश का माहौल है। महिला वकील को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने मौन जुलूस निकालकर एसएसपी शशिमोहन सिंह को ज्ञापन सौंपा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

