रायपुर 16 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर की टिकरापारा थाना पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 82 हजार रुपये कीमत का चोरी गया बिजली सामान, ग्राइंडर और ड्रिल मशीन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, मठपुरैना निवासी रविकांत वर्मा ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बिजली वायर सहित करीब 82 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दो नाबालिग लड़कों की पहचान की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का सामान एक्टिवा से ले जाकर शंकर नगर स्थित गणेश कबाड़ी को बेच दिया था।
पुलिस ने कबाड़ी दुकान में छापा मारकर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। मामले में गणेश उर्फ आसिफ खान (46 वर्ष) निवासी अमन नगर, मोवा रेलवे क्रॉसिंग के पास थाना पंडरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं, दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक्टिवा और बिक्री से मिली रकम भी जब्त कर ली है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

