नईदिल्ली/द हेग ,16 मई (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे पर हैं। उन्होंने वहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन गया है और अब ग्रोथ इंजन बनना चाहता है। प्रधानमंत्री ने कहा, आज का भारत बड़े सपने देख रहा है। भारत ने चांद पर भी वहां पहुंचकर इतिहास रचा, जहां कोई नहीं पहुंच सका था। समय के साथ चीजें बदल गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज हमारा भारत भी बहुत बड़े सपने देख रहा है। आज देश कह रहा है हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए हमें बेस्ट चाहिए और बेस्ट ही नहीं हमें फास्टेस्ट चाहिए। आज भारत का युवा आसमान छूना चाहता है, वो स्टार्टअप शुरू करना चाहता है, एआई और सेमीकंडक्टर में देश को आगे ले जाना चाहता है। हम दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम वाले देश हैं। भारत चाहता है कि वह दुनिया का ग्रोथ इंजन बने।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज भारत की चाहतें सीमाओं तक सीमित नहीं है। भारत चाहता है ओलंपिक की मेजबानी करे, वैश्विक ऊर्जा लीडर और हरित ऊर्जा लीडर बने और दुनिया की ग्रोथ का इंजन बने। हमारे प्रयासों की गति भी अनलिमिटेड है। रिकॉर्ड हाईवे निर्माण, वंदे भारत जैसी ट्रेनें। बड़े से बड़ा लक्ष्य हो, आज का भारत कहता है कि हम यह लक्ष्य पाकर ही रहेंगे। आज का भारत अभूतपूर्व परिवर्तन से गुजर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज की दुनिया नई चुनौतियों से जूझ रही है। पहले कोरोना, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट। ये दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन गया है। अगर ये नहीं बदला तो बीते अनेक दशकों के काम पर पानी फिर जाएगा। बहुत बड़ी आबादी गरीब हो जाएगी। आज दुनिया रेजिलिएंट सप्लाई चेन की बात कर रही है, तब भारत और नीदरलैंड मिलकर एक भरोसेमंद, पारदर्शी और भविष्य के लिए तैयार सप्लाई चेन बनाने में जुटे हैं।
प्रधानमंत्री 5 देशों के दौरे पर हैं। कल वे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे थे, जहां दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े कई समझौते हुए थे। यूएई के बाद आज वे नीदरलैंड पहुंचे हैं। वहां वे नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन, राजा विलेम अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के सम्मान में आधिकारिक कार्यक्रम और भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद वे स्वीडन रवाना हो जाएंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

