मेरठ ,16 मई (आरएनएस)। प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है और गर्मी ने एक बार फिर लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। दिन के साथ-साथ रात में भी तापमान बढऩे से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच सकता है
सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम दिखाई दे रही है। दिन चढऩे के साथ गर्म हवाएं चलने लगती हैं, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। घर और दफ्तरों में भी पंखे और कूलर गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
बारिश की संभावना बेहद कम
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। बादल और वर्षा की संभावना बहुत कम है, जिसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे रात में भी लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
चिकित्सकों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
तेज गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप और अधिक बढऩे की आशंका है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

