मेरठ ,16 मई (आरएनएस)। चार दिन पहले लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित बैंक्विट हॉल में चल रही वलीमे की दावत में गोलियां बरसाकर बच्चे सहित तीन लोगों को घायल करने वाले तीन बदमाशों को लोहिया नगर और परतापुर पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान 25-25 हजार के दो इनामियों सहित तीनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि 12 मई की रात हापुड़ रोड स्थित स्टार हेरीटेज बैंक्विट हॉल में वलीमे की दावत चल रही थी।
इस दौरान जुनैद उर्फ काला, सुहेल, उदेश और जाहिद ने दावत में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए इरफान, राजा और राजा के मासूम बेटे हम्माद को गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जुनैद और सुहेल के ऊपर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। शनिवार की सुबह लोहिया नगर पुलिस ने बजौट मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान जुनैद उर्फ काला और उसके साथी हारिस को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए। बदमाशों का तीसरा साथी सुहेल मौके से फरार हो गया। जिसे परतापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर धर दबोचा। तीनों बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और बाइक भी बरामद की गई। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

