तिरुवनंतपुरम,17 मई (आरएनएस)। केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन सोमवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ 11 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। सतीशन ने रविवार शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया और मंत्रियों की सूची भी सौंपी। आइए जानते हैं किन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। स्टेडियम में हजारों पार्टी कार्यकर्ता, राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठने की व्यवस्था की जा रही है। बारिश से बचाव के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। इसी तरह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
सतीशन ने कहा कि गठबंधन के नेताओं के साथ चर्चा के बाद मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है और इस दौरान गठबंधन के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है। सतीशन ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। यूडीएफ वरिष्ठ विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष और शनिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष नामित करने का फैसला किया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह में सतीशन के साथ विधायक रमेश चेन्निथला, पीसी विष्णुनाथ, एम लिजू, बिंदु कृष्णा, ओजे जनीश, सनी जोसेफ, रोजी एम जॉन, एपी अनिल कुमार, केए तुलसी, के मुरलीधरन और टी सिद्दीकी भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद सतीशन मंत्रिमंडल का बंटवारा करेंगे और इसका विस्तार भी इसी दौरान किया जा सकता है। बता दें कि विस्तार के दौरान कई अन्य विधायकों को भी मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

