0 नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत
0 गणवेश-साइकिल वितरण के साथ मना जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव
कवर्धा, 23 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ को उत्सव का स्वरूप देते हुए बुधवार को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चैक, कवर्धा में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य डॉ. विरेन्द्र कुमार साहू, मनीराम साहू, लोकचंद साहू तथा सांसद प्रतिनिधि गजराज राजपूत विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पहार पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों, गणवेश तथा पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलों का वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने अपने संबोधन में भारतीय गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोडऩा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्कूलों में छात्रों की शत-प्रतिशत एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शाला त्यागी बच्चों को पुन: विद्यालय की मुख्यधारा से जोडऩे का आह्वान किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी ने विद्यालय विकास में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए प्रत्येक शाला ग्राम में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय भवन, परिसर और कक्षाओं की नियमित साफ-सफाई तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया। जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट ने स्वच्छ एवं सुंदर विद्यालयीन वातावरण को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला बताते हुए सभी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित करने पर बल दिया वहीं कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने शाला प्रवेश उत्सव की महत्ता बताते हुए शासन की विद्यार्थी हितैषी योजनाओं की जानकारी दी और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान पीएमशंकरनगर के कक्षा पहली, उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-1 के कक्षा छठवीं तथा स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानी दुर्गावती चैक के कक्षा नवमीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का जनप्रतिनिधियों ने तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश प्रदान किए। सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ईको क्लब के बैनर तले विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन अवधेश नंदन श्रीवास्तव ने तथा आभार प्रदर्शन सहायक संचालक यू.आर. चन्द्राकर ने किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, डीएमसी विनोद श्रीवास्तव, सहायक संचालक एम.के. गुप्ता, यू.आर. चन्द्राकर, निलेश चन्द्रवंशी, एमआईएस प्रशासक सतीश कुमार यदु, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय दुबे, प्राचार्य अशोक गुप्ता, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
0

