देहरादून,18 मई (आरएनएस)। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सख्त रुख के बाद दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। एमएस ने टीम के साथ नई बिल्डिंग ओटी और इमरजेंसी का औचक निरीक्षण किया। एक से लेकर छह फ्लोर पर कई जगह भारी गंदगी और कमियां मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। कहा कि एक अतिरिक्त सुपरवाइजर तैनात किया जाए और तीनों शिफ्टों में पर्याप्त कर्मचारी रहे। एमएस डॉ. बिष्ट ने सफाई एजेंसी के मैनेजर दीपक शर्मा को वार्डों में फैली गंदगी दिखाते हुए अल्टीमेटम दिया कि अब चेतावनी नहीं, बल्कि सीधे कार्रवाई होगी। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि तीनों शिफ्टों में सफाई कर्मचारी अनिवार्य रूप से तैनात होने चाहिए और वार्डों में सुबह आठ बजे हर हाल में सफाई शुरू हो जानी चाहिए। इस दौरान एएनएस दीपशिखा, आयुष्मान समन्वयक दिनेश रावत और हर फ्लोर की सिस्टर इंचार्ज मौजूद रहीं। एमएस ने साफ किया कि मरीजों की सेहत और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

