रायगढ़, 24 जून (आरएनएस)। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस ने अभियान संवेदना के तहत त्वरित कार्रवाई कर एक युवती से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है, जहां आरोपी ने घर में अकेली युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया था।
पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय पीडि़ता ने 22 जून को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह घर में अकेली थी। इसी दौरान रंजीत कुर्रे जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध हाथ एवं बांह पकड़कर अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाल पकड़कर हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया। विवेचना के दौरान पीडि़ता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटें सामान्य प्रकृति की पाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र सिदार, महिला प्रधान आरक्षक उषारानी तिर्की तथा आरक्षक यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध छेड़छाड़, हिंसा और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा ‘अभियान संवेदनाÓ के तहत ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई जारी रहेगी।
0

